26-year-old pilgrim dies during Adi Kailash Yatra; had experienced difficulty breathing; three lives lost this season.
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में आदि कैलाश यात्रा के दौरान एक और यात्री की मौत हो गई। शुक्रवार को सांस लेने में परेशानी होने के बाद 26 वर्षीय तिलक शर्मा ने दम तोड़ दिया। वह मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले थे। शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि डॉक्टरों के मुताबिक मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। इस सीजन में आदि कैलाश यात्रा के दौरान अब तक तीन यात्रियों की मौत हो चुकी है।
जानकारी के मुताबिक, तिलक शर्मा अपने दोस्तों के साथ आदि कैलाश यात्रा पर आए थे। गुरुवार को सात दोस्तों का दल दर्शन कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान शाम को आदि कैलाश क्षेत्र में तिलक को सांस लेने में परेशानी होने लगी। उनके दोस्तों ने अपने साथ लाई गई ऑक्सीजन किट से उन्हें ऑक्सीजन भी दी, लेकिन तबीयत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए गुंजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
एसडीएम आशीष जोशी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे मृतक का शव वाहन से धारचूला लाया गया। फिलहाल शव उप जिला चिकित्सालय धारचूला में रखा गया है। पुलिस की ओर से पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की जा रही है। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
वहीं, चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुंज्याल ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
बताया गया कि तिलक शर्मा अपने पिता के साथ उज्जैन के महाकाल मंदिर के लिए चांदी की श्रृंगार सामग्री बेचने का काम करते थे। वह परिवार के इकलौते बेटे थे और अगले साल उनकी शादी होने वाली थी।
गौरतलब है कि इन दिनों व्यास और दारमा घाटियों में पहाड़ों की चोटियों पर बर्फबारी और ठंडी हवाओं के चलते सुबह-शाम तापमान काफी कम हो रहा है। ऐसे में उच्च हिमालयी क्षेत्रों की यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
