5 accused arrested in Moga firing case; two youths dead; DGP inspects the crime scene
मोगा: पंजाब के मोगा के अंगदपुरा मोहल्ले में हुई फायरिंग की घटना में दो युवकों की मौत के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को पंजाब के डीजीपी गौरव यादव और फरीदकोट रेंज की आईजी नीलांबरी जगदाले विजय घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि रविवार देर शाम काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए हमलावरों ने कई युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और फरार हो गए। इस घटना में गगन जिंदल और साहिल जिंदल की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि राघव और सोमनाथ जिंदल घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।
पांच आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
डीजीपी के मुताबिक, घायल सोमनाथ जिंदल के बयान के आधार पर थाना सिटी साउथ में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने की न्याय की मांग
मृतकों के भाई मनीष जिंदल ने कहा कि उनके परिवार की किसी से दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने बताया कि काले शीशों वाली गाड़ी में आए हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद पुलिस ने इलाके में भारी संख्या में बल तैनात कर क्षेत्र को सील कर दिया। शुरुआती जानकारी में फायरिंग के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।
