Timber smugglers attack Forest Department team in Bazpur; forest ranger injured
उत्तराखंड के बाजपुर में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम पर हमला हो गया। बुधवार देर रात पहाड़ी कॉलोनी में एक गोदाम पर छापेमारी के दौरान आरोपियों ने वनकर्मियों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें वन दरोगा सुरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर और बाजपुर वन विभाग की संयुक्त टीम को गोदाम में अवैध रूप से सागौन और खैर की लकड़ी जमा होने की सूचना मिली थी। इसके बाद रात करीब 12 बजे टीम ने छापा मारा। इसी दौरान गोदाम संचालक और उसके साथियों ने वनकर्मियों से अभद्रता करते हुए हमला कर दिया।
घायल वन दरोगा को बाजपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
वन विभाग ने गोदाम से भारी मात्रा में सागौन और खैर की लकड़ी बरामद कर कब्जे में ले ली है। अधिकारियों के मुताबिक, लकड़ी की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। आरोपियों की पहचान की जा रही है और मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी है।
