Dhami Cabinet meeting in Haridwar; 13 proposals approved, including clearance for a second medical college.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार स्थित केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन के सभागार में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य, आवास, शहरी विकास समेत विभिन्न विभागों से जुड़े कुल 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में हरिद्वार को दूसरा मेडिकल कॉलेज मिलने और ईएसआई मेडिकल कॉलेज से जुड़े प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही मुख्यमंत्री वीरता पुरस्कार से संबंधित प्रस्ताव भी पारित किए गए। हालांकि, फिलहाल सभी 13 प्रस्तावों का विस्तृत ब्योरा और उनके क्रियान्वयन से जुड़ी शर्तें सामने नहीं आई हैं।
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धर्मनगरी हरिद्वार में हरकी पैड़ी पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने कुंभ मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन की कामना की। इस दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन पहुंचे, जहां उनकी अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई।
सरकार ने हर जिले में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत चंपावत जिले से हुई थी, जबकि दूसरी बैठक हरिद्वार में आयोजित की गई। आगामी विधानसभा सत्र भी 30 अक्टूबर से पहले आहूत किया जाना है।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वहां उनकी केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ प्रदेश की विभिन्न योजनाओं को लेकर बैठक प्रस्तावित है। हरिद्वार में कैबिनेट बैठक संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री दिल्ली जाएंगे।
