Villagers' anger flares up after a woman is killed in a leopard attack; Srinagar-Pauri highway blocked.
पौड़ी जिले के बछेली के तरुली गांव में शुक्रवार को गुलदार के हमले में महिला की मौत के बाद शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने खंडाह में श्रीनगर-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। विरोध के चलते करीब आधे घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
सूचना मिलने पर डीएफओ पौड़ी महातिम यादव, उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक तपेश कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और गुलदार को मारने के जारी आदेश पढ़कर सुनाए। साथ ही क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने और उसकी निगरानी के लिए वन विभाग की ओर से की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण जाम खोलने के लिए राजी हुए, जिसके बाद यातायात बहाल हो गया।
डीएफओ महातिम यादव ने बताया कि क्षेत्र में वन विभाग की दो टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। गुलदार को मारने के लिए दो शिकारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा निगरानी के लिए छह ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं और गुलदार को पकड़ने के लिए दो पिंजरे भी लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से निर्धारित सहायता राशि पीड़ित परिवार को दे दी गई है।
