Hemkund Sahib witnesses third snowfall of the season; portals to close tomorrow; rain alert for Uttarakhand.
चमोली। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित सिखों के पवित्र तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब में सीजन की तीसरी बर्फबारी हुई है। देर रात अचानक मौसम खराब होने के बाद यहां बर्फबारी हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठंड बढ़ गई। खास बात यह है कि हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने से ठीक पहले मौसम ने करवट ली है।
हेमकुंड साहिब में हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मत्था टेकने पहुंचते हैं। हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां मौसम तेजी से बदलता है। इस सीजन में अब तक तीन बार बर्फबारी हो चुकी है। देर रात हुई ताजा बर्फबारी के बाद एक बार फिर क्षेत्र में सर्दी का असर बढ़ गया है।
हेमकुंड साहिब के कपाट शनिवार को बंद होने हैं। इसके साथ ही इस वर्ष की तीर्थयात्रा का समापन हो जाएगा। यात्रा के अंतिम चरण में हुई बर्फबारी से श्रद्धालुओं को ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश और आंधी-तूफान से पहाड़ों से मैदानों तक गिरा तापमान
उत्तराखंड में लगातार दो दिन हुई बारिश और आंधी-तूफान का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। बृहस्पतिवार को मौसम शुष्क रहने के बावजूद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ी, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम सुहाना बना रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, नौ अक्तूबर को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई थी। वहीं, देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया था। अन्य जिलों में गरज-चमक, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई।
देहरादून में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री दर्ज
बृहस्पतिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट का असर अधिक महसूस किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 14 अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बदलता रह सकता है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी जाती है।
