Weather to take a turn again in Uttarakhand; 'Yellow Alert' for heavy rain in three districts, including Dehradun.
देहरादून। उत्तराखंड में लगातार दो दिन हुई बारिश और आंधी-तूफान का असर तापमान पर देखने को मिला है। बृहस्पतिवार को मौसम शुष्क रहने के बावजूद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पहाड़ी इलाकों में पारा गिरने से ठंड का अहसास बढ़ा, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम सुहाना बना रहा। वहीं, नौ अक्तूबर को भी प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
बृहस्पतिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान में गिरावट का असर अधिक महसूस किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। 14 अक्तूबर तक कई क्षेत्रों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की स्थिति बनी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।
