Kedarnath helicopter service bookings start Friday; portal opens at 3 PM; check the fare.
केदारनाथ हेली सेवा की बुकिंग शुक्रवार से, दोपहर 3 बजे खुलेगा पोर्टल; जानें कितना है किराया
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए हेली सेवा की बुकिंग शुक्रवार से शुरू होगी। 16 अक्टूबर से 9 नवंबर तक की यात्रा के लिए श्रद्धालु टिकट बुक कर सकेंगे। इसके लिए आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर दोपहर 3 बजे बुकिंग पोर्टल खोला जाएगा।
केदारनाथ हेली सेवा की देशभर के श्रद्धालुओं में काफी मांग रहती है। देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्री हेलिकॉप्टर के जरिए बाबा केदार के दर्शन करना चाहते हैं। मांग अधिक होने के कारण बुकिंग शुरू होने के कुछ ही घंटों में टिकट फुल हो जाते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को टिकट बुकिंग के लिए समय पर पोर्टल पर पहुंचने की सलाह दी जाती है।
केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा का आने-जाने का किराया गुप्तकाशी से 12,154 रुपये, फाटा से 9,680 रुपये और सिरसी से 6,086 रुपये निर्धारित किया गया था।
पिछले वर्ष की तुलना में गुप्तकाशी से हेली सेवा के किराये में 290 रुपये और फाटा से 838 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। वहीं, सिरसी हेलीपैड से किराये में 2,753 रुपये की कमी की गई थी।
यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं को राहत देते हुए हेली सेवा के किराये में बढ़ोतरी नहीं की गई है। श्रद्धालु आईआरसीटीसी के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से टिकट बुक कर सकते हैं।
