Massive fire in a house in Kotkapura due to gas leakage; two cylinders exploded.
कोटकपूरा की लब्बू राम स्ट्रीट में डेरा सत करतार के पास सोमवार सुबह गैस लीकेज के कारण एक घर में भीषण आग लग गई। आग तेजी से फैलने के बाद घर में रखे दो गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गए। हादसे में घर का ज्यादातर सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, श्याम लाल धींगड़ा अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सोमवार सुबह श्री मुक्तसर साहिब गए हुए थे। इसी दौरान पड़ोसियों ने उनके घर से धुआं निकलते देखा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और घर के अंदर से धमाके की आवाज सुनाई दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग की स्थिति को देखते हुए बाद में दूसरी बड़ी फायर टेंडर भी मौके पर बुलानी पड़ी। फायर कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का फर्नीचर, घरेलू सामान और अन्य वस्तुएं जलकर राख हो चुकी थीं।
फायर अधिकारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गैस लीकेज के कारण आग लगने की आशंका है। आग के दौरान दो गैस सिलेंडर फट गए। उन्होंने बताया कि पहले एक छोटी फायर गाड़ी भेजी गई थी, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए दूसरी बड़ी गाड़ी भी मौके पर बुलानी पड़ी। दोनों वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
परिवार के अनुसार, आग में करीब डेढ़ से दो लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हुआ है। श्याम लाल धींगड़ा और पड़ोसियों ने प्रशासन और सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
