Masoom Sharma's live performance in the finale of Uttarakhand Premier League
उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 के ग्रैंड फिनाले में गायक मासूम शर्मा और प्रसिद्ध परफॉर्मर प्रांजल दहिया लाइव परफॉर्मेंस देंगे। बृहस्पतिवार को देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले समापन समारोह में दोनों कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
मासूम शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड से उनका गहरा जुड़ाव है और यहां के लोगों का प्यार उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि वह दून आकर सारे गिले-शिकवे दूर करना चाहते हैं। अगर किसी के मन में उनके प्रति कोई शिकायत या नाराजगी है, तो वह मंच से उसे दूर करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि वह दर्शकों से दिल खोलकर मिलना चाहते हैं और इस शाम को सभी के लिए यादगार बनाना चाहते हैं।
आयोजकों के मुताबिक, यूपीएल के फिनाले में क्रिकेट, संगीत और मनोरंजन का खास संगम देखने को मिलेगा, जिससे पूरे राज्य के क्रिकेट और संगीत प्रशंसकों के आकर्षित होने की उम्मीद है।
उत्तराखंड प्रीमियर लीग के तीसरे संस्करण की शुरुआत 21 सितंबर को महिला वर्ग के मुकाबलों के साथ हुई थी, जिसमें देहरादून वॉरियर्स ने खिताब अपने नाम किया। वहीं, पुरुष वर्ग के मुकाबले 22 सितंबर से शुरू हुए, जिसमें सात टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव किरण वर्मा ने कहा कि यह फाइनल सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति का भी जश्न है। पूर्व सचिव महिम वर्मा ने युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मिले मंच की सराहना की। वहीं, अध्यक्ष सुनील जोशी ने सभी क्रिकेट प्रशंसकों से स्टेडियम पहुंचकर फाइनल मुकाबले और समापन समारोह का हिस्सा बनने की अपील की।
