Police encounter in Happy murder case: one criminal killed, another absconding.
हरिद्वार के बहादराबाद के शांतरशाह गांव में हुए हैप्पी हत्याकांड के आरोपियों से पुलिस की मध्यरात्रि में दौलतपुर के घने जंगल में मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जंगल और आसपास के इलाकों में सघन अभियान चला रही है।
यह कार्रवाई 14 सितंबर को हुई 26 वर्षीय बाइक मिस्त्री हैप्पी की हत्या के मामले में की गई। शांतरशाह निवासी हैप्पी गांव की बाजार में बाइक मैकेनिक की दुकान चलाता था।
पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब सवा सात बजे हैप्पी अपनी दुकान पर बैठा था। तभी दो नकाबपोश बदमाश कॉलोनी की तरफ से दुकान पर पहुंचे और अचानक उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से हैप्पी गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन और पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी।
हत्या के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं। मध्यरात्रि में दौलतपुर जंगल में बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया।
फिलहाल पुलिस फरार दूसरे बदमाश की तलाश में जंगल और आसपास के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
