Car crashes into tree on Agra-Fatehabad road; two friends killed
आगरा-फतेहाबाद मार्ग पर टंकी चौराहे के पास सोमवार रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ। निबोहरा थाना क्षेत्र के सलेमपुर धनगर निवासी गजेंद्र (28) पुत्र अजब सिंह अपने दोस्त जोगेंद्र उर्फ जुगनू (32) पुत्र चरन सिंह के साथ कार से आगरा से घर लौट रहे थे। टंकी चौराहे के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डौकी पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे की जानकारी मिलते ही दोनों मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। घटना से परिवारों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
