Woman falls into gorge on Tungnath trek; search operation continues overnight, resumes in the morning.
रुद्रप्रयाग जिले में तुंगनाथ ट्रेक पर रविवार देर शाम गणेश मंदिर के पास एक महिला के गहरी खाई में गिरने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव टीमों को मौके के लिए रवाना किया गया। रातभर सर्च अभियान चलाने के बावजूद महिला का पता नहीं चल सका।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, घटना की सूचना रविवार शाम करीब 6:21 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को मिली। इसके बाद एसडीआरएफ अगस्त्यमुनि, डीडीआरएफ ऊखीमठ, आपदा मित्र और पुलिस बल की टीमें तत्काल मौके पर भेजी गईं।
खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू टीमों को महिला की तलाश में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। टीमों ने देर रात तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। रात अधिक होने और अंधेरा बढ़ने के कारण करीब 12:30 बजे अभियान रोकना पड़ा।
सोमवार सुबह मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए एक बार फिर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया गया। टीमें खाई के आसपास संभावित स्थानों पर महिला की तलाश कर रही हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल महिला की पहचान और उसके संबंध में अन्य जानकारी सामने नहीं आई है। रेस्क्यू टीमों की ओर से लगातार खोजबीन की जा रही है।
