Dehradun steeped in the spirit of patriotism during the Tricolour march; a massive crowd turned out.
स्वतंत्रता दिवस से पहले देहरादून देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। अमर उजाला की ओर से आयोजित ‘मां तुझे प्रणाम’ कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 12 अगस्त को शहर में भव्य तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। शहरवासियों ने उत्साह के साथ इसमें भाग लेकर आजादी के जश्न में रंग भर दिया।
पदयात्रा परेड ग्राउंड से शुरू होकर एश्लेहॉल चौक होते हुए घंटाघर चौक पर संपन्न हुई। कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी की। बड़ी संख्या में शहरवासी हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ पदयात्रा में शामिल हुए।
पदयात्रा में बच्चों की विशेष भागीदारी आकर्षण का केंद्र रही। बच्चे अलग-अलग पारंपरिक परिधानों और देशभक्ति से जुड़े रूपों में नजर आए। किसी ने महापुरुषों का रूप धारण किया तो कोई भारत माता के स्वरूप में दिखाई दिया। इन प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन में देशभक्ति का उत्साह और बढ़ा दिया।
कार्यक्रम में भारत माता के रूप में सजी दून की बेटी ने भी मातृभूमि के प्रति प्रेम, सम्मान और शौर्य का संदेश दिया। स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार बनाने के लिए कई लोग पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर पदयात्रा में शामिल हुए।
देशभक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन ने स्वतंत्रता दिवस से पहले शहर के माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। अमर उजाला की ओर से विशेष रूप से उन बच्चों को प्रोत्साहित किया गया, जो महापुरुषों, भारत माता और अन्य देशभक्ति से जुड़े रूपों में सजकर कार्यक्रम में पहुंचे थे।
