Under the Chief Minister's Youth Future Building Scheme, youth will receive free coaching from the comfort of their homes.
प्रदेश के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जल्द ही निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलने जा रही है। इसके लिए प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू करने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस योजना का शुभारंभ करेंगे।
योजना का उद्देश्य युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन, कोचिंग और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना है। इसका लाभ प्रदेश के विश्वविद्यालयों और सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को मिलेगा।
योजना के तहत यूपीएससी, पीसीएस, सीडीएस, बैंकिंग, रेलवे और एसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। इसके अलावा कैट, मैट, गेट, नेट और एसएसआईआर नेट जैसी प्रवेश एवं पात्रता परीक्षाओं के लिए भी विद्यार्थियों को ऑनलाइन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान हुई कैबिनेट बैठक में इस योजना पर चर्चा की गई थी। अब सरकार इसे जल्द लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
सरकार का मानना है कि योजना से उन विद्यार्थियों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा, जो आर्थिक कारणों से महंगी कोचिंग का खर्च वहन नहीं कर पाते। खासकर दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं के लिए घर बैठे निशुल्क गुणवत्तापूर्ण कोचिंग की सुविधा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मददगार साबित हो सकती है। इससे युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन मिलेगा और उन्हें विभिन्न परीक्षाओं में सफलता के अधिक अवसर मिल सकेंगे।
