लगातार बारिश से केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग दो स्थानों पर बंद, भारी मलबा हटाने में जुटा प्रशासन
रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही बारिश का असर केदारनाथ यात्रा मार्ग पर देखने को मिल रहा है। मंगलवार सुबह केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग दो स्थानों पर भूस्खलन और भारी मलबा आने के कारण बाधित हो गया है। प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की टीमें मार्ग को जल्द से जल्द सुचारु करने के लिए राहत एवं सफाई कार्य में जुटी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, कुंड-काकड़ा गाड़ के बीच पहाड़ी से भारी बोल्डर और मलबा सड़क पर आ गिरा है , जिससे यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया। वहीं, सिरोहबगड़ में सोमवार देर रात को मलबा आने से मार्ग बंद हो गया था, जिसे रात में ही खोला गया। इसके अलावा गौरीकुंड के मुनकटिया क्षेत्र में भी मलबा और पत्थर गिरने की सूचना मिली है, जहां मशीनों की सहायता से सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता ओंकार पांडेय ने बताया कि काकड़ा गाड़ के पास भारी बोल्डर गिरने के कारण मार्ग अवरुद्ध है। सड़क खोलने के लिए दोनों ओर से जेसीबी मशीनें भी लगाई गई हैं। यदि मलबा अधिक हुआ तो अगस्त्यमुनि से एक एक्सकेवेटर भी मौके पर भेजा गया है। विभाग ने सुबह 11:55 बजे तक मार्ग खोलने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
उन्होंने बताया कि गुप्तकाशी के पास भी मार्ग कुछ समय के लिए बाधित हुआ था, जहां जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है । वहीं, मुनकटिया क्षेत्र में एक एक्सकेवेटर और दो जेसीबी तैनात हैं। हालांकि, क्षेत्र में नेटवर्क बाधित होने के कारण वहां की स्थिति की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि इन स्थानों को छोड़कर अन्य सभी राष्ट्रीय राजमार्ग फिलहाल खुले हुए हैं। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि खराब मौसम को देखते हुए केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का भी पालन करें।