मानसून और कांवड़ यात्रा को लेकर SDRF अलर्ट, 24 घंटे ऑपरेशनल मोड में रहने के निर्देश

देहरादून: एसडीआरएफ मुख्यालय में सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेशभर की सभी पोस्टों व अधिकारियों के साथ मासिक समीक्षा बैठक भी की। बैठक में आगामी मानसून व कांवड़ यात्रा को लेकर आपदा प्रबंधन एवं रेस्क्यू तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।

सेनानायक ने सभी इकाइयों को मानसून के दौरान भूस्खलन, अतिवृष्टि, बाढ़ व नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर जैसी संभावित आपदाओं को देखते हुए 24 घंटे ऑपरेशनल मोड में रहने के निर्देश भी दिए। साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, त्वरित राहत एवं बचाव कार्य, पर्याप्त संसाधनों की उपलब्धता व स्थानीय प्रशासन, पुलिस व अन्य एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।

बैठक में विभिन्न पोस्टों पर उपलब्ध बचाव उपकरणों, संचार संसाधनों, वाहनों व बोटों की कार्यशीलता की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों और जवानों की समस्याओं के समाधान के निर्देश भी दिए गए।