चारधाम यात्रा के दौरान हादसा: कांडीखाल के पास पलटी श्रद्धालुओं से भरी बस, चार घायल
चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं की एक बस ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर कांडीखाल के समीप अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। हादसे के समय बस में 22 यात्री भी सवार थे। दुर्घटना में 4 लोग घायल हो गए, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें भी आई हैं।
जानकारी के अनुसार बस गंगोत्री से केदारनाथ की ओर को जा रही थी। कांडीखाल के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से बस सड़क पर पलट ही गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई व स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और राहत दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया। सभी यात्री हरियाणा के निवासी बताए जा रहे हैं, जो चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड में आए हुए थे।
प्रशासन ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है और घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है।