उत्तराखंड में मौसम फिर बदला, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट; मसूरी में पांचवें दिन भी झमाझम बारिश

उत्तराखंड में आज बुधवार को भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश, तेज हवाएं व ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 3600 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार भी जताए हैं। इसके साथ ही पर्वतीय जिलों में बिजली चमकने और करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

वहीं मसूरी में लगातार पांचवें दिन भी मंगलवार को मूसलाधार बारिश का दौर जारी ही रहा। भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया और मालरोड पर कई जगह जलभराव की स्थिति भी बन गई। पर्यटकों व स्थानीय लोगों को सड़क पार करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर लोगों को रेलिंग पकड़कर सड़क पार भी करनी पड़ी।

दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश व ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई। खराब मौसम के चलते पर्यटक ज्यादातर समय होटलों में ही रहने को मजबूर रहे, जिससे पर्यटन कारोबार भी प्रभावित भी हुआ है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि लगातार बारिश से बाजारों में रौनक कम हो गई है और कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं मालरोड पर जलभराव को लेकर लोगों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है। रखरखाव की जिम्मेदारी संभाल रहे लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर  सवाल भी उठने लगे हैं।

पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल ने मालरोड की स्थिति को चिंताजनक बताते हुए कहा कि विभाग इस समस्या को लेकर गंभीर नजर ही नहीं आ रहा है।