उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, तेज बारिश और आंधी से बढ़ी ठंडक, कई इलाकों की बिजली गुल

नैनीताल: पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद गुरुवार शाम मौसम ने अचानक ही करवट ले ली। हल्की बूंदाबांदी के बाद शुरू हुई तेज बारिश व आंधी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत भी मिली।

दिनभर धूप और बादलों की आवाजाही के बीच मौसम सामान्य बना रहा, लेकिन दोपहर बाद आसमान में घने बादल भी छा गए। शाम करीब 5:30 बजे तेज बारिश शुरू हो गई, जो 1 घंटे से अधिक समय तक जारी रही। इस दौरान तेज हवाएं चलीं। अचानक बदले मौसम से पर्यटकों व स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं ज्योलीकोट क्षेत्र में तेज आंधी के कारण रामलीला मैदान में एक पेड़ गिर गया, जिसकी चपेट में आने से वहां खड़ी एक कार क्षतिग्रस्त भी हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल भी बन गया।

अंधड़ के चलते ज्योलीकोट व आसपास के करीब 12 गांवों की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। तेज हवाओं और बारिश से कई स्थानों पर बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त भी हो गईं। ऊर्जा निगम के एसडीओ प्रियांक पांडे ने बताया कि विभागीय टीमें प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर बिजली व्यवस्था बहाल करने में भी जुटी हैं।