चारधाम यात्रा होगी हाईटेक, अफवाह फैलाने वालों पर FIR; सीएम धामी का सख्त एक्शन प्लान
देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम व व्यवस्थित बनाने के लिए सरकार ने इस बार सख्त व हाईटेक एक्शन प्लान तैयार किया है। यात्रा मार्गों पर CCTV व AI आधारित निगरानी प्रणाली भी लागू की जाएगी, जबकि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सीधे ही FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई भी होगी।
सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि दुनिया भर से आने वाले हर श्रद्धालु की सुरक्षा व सुविधा राज्य की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा उत्तराखंड की लाइफ लाइन है, इसलिए इसे स्वच्छ, सुरक्षित, तकनीकी रूप से सशक्त व बेहतर प्रबंधन वाला बनाया जाए।
ग्रीन और क्लीन यात्रा पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री की पहल पर पिछले वर्ष शुरू हुई ग्रीन एंड क्लीन चारधाम यात्रा मुहिम को इस बार और भी व्यापक बनाया जाएगा। यात्रा मार्गों पर प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत पर्याप्त संख्या में कलेक्शन बॉक्स लगाए जाएंगे व प्लास्टिक के उपयोग पर सख्त नियंत्रण रहेगा। स्थानीय निकायों, स्वयंसेवी संस्थाओं व युवाओं की भागीदारी से इसे जनआंदोलन का रूप भी दिया जाएगा।
सीएम ने साफ कहा कि यात्रा को लेकर कोई भी भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
हेली सेवाओं के लिए सख्त SOP
पिछले वर्ष हुए हेलिकॉप्टर हादसों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने हेलिकॉप्टर सेवाओं की नियमित फिटनेस जांच अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए। साथ ही ऑपरेशनल ओवरलोडिंग से बचने के लिए समय-समय पर सेवाओं को विश्राम देने और SOP का सख्ती से पालन भी सुनिश्चित करने को कहा। मौसम आधारित निगरानी व अलर्ट सिस्टम को भी मजबूत किया जाएगा।
जरूरी वस्तुओं और स्वास्थ्य सुविधाओं पर फोकस
यात्रा मार्गों पर गैस, पेट्रोल, डीजल व अन्य आवश्यक वस्तुओं की कमी न हो, इसके लिए जिला पूर्ति अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाकर रोजाना मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही मेडिकल यूनिट्स के साथ अस्थायी अस्पताल व हेल्थ कैंप भी स्थापित किए जाएंगे।
भीड़ और ट्रैफिक मैनेजमेंट रहेगा स्मार्ट
धामों में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को लंबा इंतजार न करना पड़े, इसके लिए स्लॉट मैनेजमेंट व रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम लागू किया जाएगा। ऑफलाइन पंजीकरण केंद्रों पर भीड़ से बचने के लिए केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी और डिजिटल प्रक्रिया को आसान भी बनाया जाएगा।
ट्रैफिक को लेकर सीएम ने सख्त निर्देश दिए कि मुख्य मार्गों, बाजारों व चौराहों पर जाम की स्थिति बिल्कुल नहीं बननी चाहिए। इसके लिए पुलिस, होमगार्ड व ट्रैफिक कर्मियों की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्गों की पहचान भी की जाएगी।
ओवर रेटिंग पर होगी सख्ती
सीएम ने यात्रा मार्गों पर दुकानदारों द्वारा ओवर रेटिंग पर सख्त रुख अपनाते हुए सभी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही स्थानीय लोगों व श्रद्धालुओं के बीच बेहतर समन्वय बनाकर पिछले साल भंडारों को लेकर हुए विवादों का स्थायी समाधान निकालने को भी कहा।