14 अप्रैल को उत्तराखंड आएंगे पीएम, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे समेत कई योजनाओं की देंगे सौगात
देहरादून: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। करीब 5 महीने बाद होने वाले इस दौरे को प्रदेश के लिए बेहद अहम भी माना जा रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक इस बार भी प्रधानमंत्री राज्य को कई बड़ी विकास योजनाओं की सौगात भी देंगे। खास तौर पर दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड एक्सप्रेसवे के उद्घाटन को लेकर लोगों में खासा उत्साह भी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से आध्यात्मिक व व्यक्तिगत जुड़ाव हमेशा से खास रहा है। इससे पहले वह राज्य स्थापना रजत जयंती समारोह में देहरादून में पहुंचे थे, जहां उन्होंने हजारों करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया था। इस बार भी कई कनेक्टिविटी व इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के लोकार्पण व शिलान्यास की संभावना है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री का सीमांत क्षेत्रों से विशेष लगाव भी रहा है। उन्होंने चमोली के माणा, उत्तरकाशी के मुखवा व पिथौरागढ़ के आदि कैलाश जैसे क्षेत्रों का दौरा कर उत्तराखंड को देश-दुनिया में नई पहचान भी दिलाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम के दौरे से राज्य में विकास योजनाओं को और गति मिलेगी, साथ ही पर्यटन व कनेक्टिविटी को भी बड़ा लाभ होगा।