उत्तराखंड में जनगणना 2027 की तैयारी तेज, 25 अप्रैल से शुरू होगा मकान सूचीकरण
उत्तराखंड में जनगणना 2027 की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। पहले चरण के तहत प्रदेश में 25 अप्रैल से 24 मई 2026 तक मकान सूचीकरण व मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। इससे पहले 9 अप्रैल से 24 अप्रैल तक स्वगणना की प्रक्रिया भी शुरू होगी।
जनगणना कार्य निदेशालय ने इस कार्य के लिए 23 मास्टर ट्रेनर भी तैयार कर लिए हैं, जिन्हें देहरादून में प्रशिक्षण और फील्ड डेमो भी कराया गया। अब ये मास्टर ट्रेनर प्रदेश के सभी जिलों में जाकर 555 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित भी करेंगे। इसके बाद फील्ड ट्रेनर अपने-अपने जिलों में सुपरवाइजर्स व एन्यूमरेटर्स को ट्रेनिंग देंगे।
जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव के अनुसार, राज्य में जनगणना के पहले चरण के लिए कुल 30,847 अधिकारियों व कर्मचारियों की आवश्यकता होगी। इसमें 555 फील्ड ट्रेनर, 4500 सुपरवाइजर व 26,347 एन्यूमरेटर्स शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि मास्टर ट्रेनरों को 4 दिवसीय प्रशिक्षण के साथ फील्ड में रिहर्सल भी कराया गया है, ताकि जनगणना के दौरान आने वाली चुनौतियों को समझकर कार्य को सुचारू रूप से पूरा भी किया जा सके।