23 जनवरी को बारिश-बर्फबारी की चेतावनी, शासन ने सभी एजेंसियों को रखा अलर्ट मोड पर
देहरादून | राज्य ब्यूरो
मौसम विभाग द्वारा 23 जनवरी को प्रदेश में बारिश व बर्फबारी की चेतावनी जारी किए जाने के बाद शासन ने सभी कार्यदायी एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश भी दिए हैं। खराब मौसम की आशंका को देखते हुए आपदा प्रबंधन तंत्र को पूरी तरह सक्रिय भी कर दिया गया है।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों व संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि मौसम के बिगड़ने की स्थिति में अतिरिक्त सतर्कता भी बरती जाए। पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, विद्युत, पेयजल, पशुपालन व नगर निकाय विभागों को आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सचिव ने विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि संवेदनशील, दूरस्थ और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में सुरक्षित प्रसव के लिए पहले से सभी जरूरी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं।
बर्फबारी के कारण सड़कों के अवरुद्ध होने की आशंका को देखते हुए संवेदनशील व उच्च हिमालयी मार्गों पर जेसीबी, स्नो कटर और अन्य आवश्यक मशीनरी की अग्रिम तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही, सभी जिलों में संवेदनशील सड़कों, पुलों व पैदल मार्गों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने को कहा गया है।