Horrific road accident on Yamunotri Highway, three youths killed, two seriously injured
विकासनगर। यमुनोत्री हाईवे पर बंशीपुर के पास बीते रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां 2 बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में 3 युवकों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसे में लंबरपुर बरोटीवाला निवासी वेदांश (20), आसन पुल वार्ड नंबर 8 निवासी धोनी कश्यप (20) और हरबर्टपुर विवेक विहार निवासी रमनदीप (17) की जान चली गई। वहीं, आसनपुल निवासी विवेक कश्यप व शाहपुर कल्याणपुर रामगढ़ निवासी अंकित गंभीर रूप से घायल हैं और उनका निजी अस्पताल में इलाज भी चल रहा है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक विकासनगर कोतवाली अशोक राठौड़ ने बताया कि
रविवार रात को बंशीपुर स्थित राजस्थान मार्बल के पास एक हादसे की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो 5 लोग सड़क पर घायल अवस्था में पड़े थे। एंबुलेंस से सभी को हरबर्टपुर अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां वेदांश व धोनी कश्यप ने दम तोड़ दिया। बाद में गंभीर हालत में धूलकोट स्थित निजी अस्पताल में रेफर किए गए रमनदीप की भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हादसे के समय बारिश हो रही थी और सड़क पर अंधेरा भी था, जिससे दुर्घटना होने की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच भी शुरू कर दी है।
