Players will get world class training, important meeting of CM Dhami-Union Minister regarding sports infrastructure in Uttarakhand
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने उत्तराखंड में खेल सुविधाओं के विस्तार व खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय अवसर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। गुरुवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में डॉ. मांडविया से मुलाकात की, जहां राज्य में खेलों के व्यापक विकास को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान केंद्र सरकार से जिला अल्मोड़ा के डीनापानी में उच्च स्तरीय खेल सुविधा की स्थापना, देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आइस स्केटिंग रिंग का संचालन, नई टिहरी में साहसिक प्रशिक्षण केंद्र का उच्चीकरण, चंपावत के महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में इंडोर आर्टिफिशियल रॉक क्लाइम्बिंग की सुविधा व राज्य के 95 विकासखंडों में बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल निर्माण के प्रस्तावों को स्वीकृति दिलाने का आग्रह भी किया।
उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखंड में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय भी स्थापित किया गया है, जो खिलाड़ियों को न केवल प्रशिक्षण बल्कि खेल शिक्षा से जुड़े विशेष पाठ्यक्रम भी प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने इसे देश का अग्रणी खेल संस्थान बनाने के लिए केंद्र से आर्थिक सहयोग व अनुदान की मांग भी की।
डॉ. मांडविया ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड को खेल सुविधाओं के क्षेत्र में हर संभव सहयोग भी दिया जाएगा। वहीं, सीएम धामी ने 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन में मिले केंद्रीय सहयोग के लिए प्रदेशवासियों की ओर से धन्यवाद व्यक्त भी किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने उत्तराखंड को ‘खेलभूमि’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक नई पहचान भी दिलाई है।
