Agriculture and Rural Development Minister Ganesh Joshi addressed the Standard Dialogue program organized by the Bureau of Indian Standards Dehradun branch.
देहरादून : प्रदेश के कृषि एवं ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने आज गुरुवार को देहरादून के एक निजी होटल में भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) देहरादून शाखा द्वारा आयोजित “मानक संवाद” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
अपने संबोधन में मंत्री गणेश जोशी ने विश्व पर्यावरण दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “मानक संवाद” जैसे कार्यक्रम देश में गुणवत्ता संस्कृति को सुदृढ़ करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) न केवल उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करता है, बल्कि उद्योगों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए भी तैयार करता है।
मंत्री जोशी ने BIS के अधिकारियों से आग्रह किया कि वे आगामी 14 और 15 जून को देहरादून में आयोजित होने वाले कृषि महोत्सव के दौरान किसानों के लिए एक विशेष कार्यशाला का भी आयोजन करें, जिससे किसानों को मानकों की जानकारी मिल सके। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस कथन का उल्लेख किया कि भारतीय मानक अब अंतरराष्ट्रीय मानकों के समकक्ष हैं, जो देश के लिए गर्व का विषय भी है।
उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि भारतीय मानकों को अपनाने से न केवल प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ती है, बल्कि उपभोक्ताओं का विश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने उद्योगों से मानक निर्माण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री गणेश जोशी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान भी दें।
इस अवसर पर आईएयू अध्यक्ष पंकज गुप्ता, डायरेक्टर रितेश सिंह, बीआईएस डायरेक्टर सौरभ तिवारी, जीएम अंजनी रावत सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
