मुख्यमंत्री धामी ने किया 16वें वित्त आयोग का स्वागत, राज्य सरकार आज रखेगी अपने प्रस्ताव
देहरादून: उत्तराखंड दौरे पर आए 16वें वित्त आयोग के प्रतिनिधिमंडल का सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज सोमवार को अपने आवास पर स्वागत भी किया। आयोग का नेतृत्व अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया कर रहे हैं। इस प्रतिनिधिमंडल में आयोग की सदस्य एनी जॉर्ज मैथ्यू, मनोज पांडा, सौम्या कांति घोष, सचिव ऋत्विक पांडे, संयुक्त सचिव के. के. मिश्रा व संयुक्त निदेशक पी. अमरूथावर्षिनी भी शामिल हैं।
सीएम धामी की अध्यक्षता में आज सोमवार को सचिवालय में एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें राज्य सरकार 16वें वित्त आयोग के समक्ष अपनी वित्तीय आवश्यकताओं व प्रस्तावों को प्रस्तुत भी करेगी। इस बैठक में राज्य की राजस्व संरचना, विकास परियोजनाओं के लिए अनुदान, और विशेष अवस्थाओं में सहायता के मुद्दे भी उठाए जाएंगे।
आयोग की यह यात्रा केवल औपचारिक नहीं है—प्रतिनिधिमंडल नगर निकायों, पंचायत प्रतिनिधियों व विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी संवाद करेगा, जिससे जमीनी जरूरतों और विकास की दिशा को बेहतर तरीके से समझा भी जा सके।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मुख्य सचिव आनंदबर्द्धन, प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु और वित्त सचिव दिलीप जावलकर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बदरीनाथ और केदारनाथ धाम भी पहुंचेगा आयोग
उत्तराखंड दौरे के अगले चरण में 16वें वित्त आयोग का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को बदरीनाथ व केदारनाथ धाम का दौरा करेगा। दोनों तीर्थ स्थलों की भौगोलिक परिस्थितियों, अवसंरचना आवश्यकताओं और पर्यटन की संभावनाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन भी किया जाएगा।
तीर्थयात्रा से लौटने के बाद आयोग पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं व चुनौतियों को लेकर एक विशेष बैठक भी करेगा। इसके बाद बुधवार को आयोग पर्यटन और व्यापार जगत के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेगा, जिसमें आर्थिक विकास व रोजगार सृजन के मुद्दों पर विमर्श भी किया जाएगा।