निजी स्कूलों में फीस वृद्धि और किताबों की बिक्री को लेकर शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

प्रदेश में निजी विद्यालयों द्वारा मनमानी फीस वृद्धि और छात्रों को किसी खास दुकान से किताबें खरीदने के लिए दबाव डालने की शिकायतें लगातार भी मिल रही हैं। इन शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती को टोल-फ्री नंबर जारी करने का आदेश दिया है, ताकि अभिभावक अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकें और विभागीय कार्रवाई भी की जा सके।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि नियमों के अनुसार, कोई भी निजी विद्यालय तीन वर्ष तक अपनी फीस नहीं बढ़ा सकता। यदि इसके बावजूद फीस, किताबों या स्कूल ड्रेस के लिए शिकायतें आती हैं, तो शिक्षा विभाग उन पर कठोर कार्रवाई करेगा। इसके लिए जल्द ही एक टोल-फ्री नंबर जारी किया जाएगा, जिस पर आने वाली शिकायतों की सुनवाई की जाएगी।

इसके अतिरिक्त, अभिभावक जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारियों से भी सीधे शिकायत कर सकते हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभाग बच्चों और उनके अभिभावकों के हित में इस तरह की शिकायतों को गंभीरता से लेगा और तत्काल कार्रवाई करेगा।