श्री झंडे जी आरोहण के तीसरे दिन शुरू हुई नगर परिक्रमा, श्रद्धालुओं का उमड़ा सैलाब
श्री झंडे जी के आरोहण के तीसरे दिन, आज शुक्रवार को दरबार साहिब से नगर परिक्रमा की शुरुआत हुई। इस दौरान सड़कों पर श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा, जहां संगत भजनों पर झूमती नजर आई। श्री झंडे जी मेले की नगर परिक्रमा के लिए शहर के रूट में बदलाव किया गया है।
श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज की अगुवाई में नगर परिक्रमा के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ भी उमड़ी। इस मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स भी तैनात रहा। बुधवार को देहरादून में भक्ति और उल्लास के साथ श्री झंडे जी का आरोहण हुआ, और जैसे ही झंडा आरोहित हुआ, द्रोणनगरी गुरु महाराज के जयकारों से गूंज उठी। इस आरोहण के साथ ही 6 अप्रैल तक चलने वाला मेला भी शुरू हो गया।
देशभर से हजारों श्रद्धालु देहरादून पहुंचे और श्री झंडे जी आरोहण के साक्षी बने। इस दौरान शहर की सड़कों पर संगत नजर आई और जगह-जगह लंगर लगाकर प्रसाद वितरित किया गया। हर वर्ष की तरह, आरोहण के बाद बाज ने भी श्री झंडे जी की परिक्रमा की। इसके अलावा, श्री दरबार साहिब में एलईडी स्क्रीन लगाकर सजीव प्रसारण भी किया गया।
नगर परिक्रमा के दौरान यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। पटेलनगर मंडी, बल्लीवाला समेत अन्य क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को सहारनपुर चौक से नहीं भेजा जा रहा है। यातायात विभाग ने इस संबंध में डायवर्जन प्लान भी जारी किया है। नगर परिक्रमा वापस दरबार साहिब पहुंचेगी।
नगर परिक्रमा के सहारनपुर चौक पहुंचने पर कांवली रोड से सहारनपुर चौक की ओर कोई भी यातायात नहीं जाएगा। पटेलनगर मंडी से आने वाले वाहन को कमला पैलेस की ओर डायवर्ट किया जा रहा है, जबकि बल्लीवाला से आने वाले वाहनों को जीएमएस रोड और लक्ष्मण चौक की ओर भेजा जा रहा है। तिलक रोड पहुंचने पर बिन्दाल चौक से तिलक रोड की ओर भी कोई यातायात नहीं जाएगा। इसके अलावा, घंटाघर क्षेत्र से चकराता रोड पर आने वाले वाहनों को बल्लूपुर चौक और बिन्दाल चौकी कट से कैंट की ओर डायवर्ट भी किया गया है।
श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा कि श्री झंडा महोत्सव मेला प्रेम, सद्भावना और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि श्री झंडे जी पर शीश नवाने से सभी की मन्नतें पूरी होती हैं।