38वें राष्ट्रीय खेलों की योगासन प्रतियोगिता का रंगारंग समापन, खेल मंत्री ने विजेताओं को सम्मानित किया
38वें राष्ट्रीय खेलों की योगासन प्रतियोगिता का अल्मोड़ा के हेमवती नंदन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम में रंगारंग समापन हुआ। इस मौके पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने विजेताओं को पदक पहनाकर उन्हें सम्मानित किया।
अपने संबोधन में खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि अल्मोड़ा में नेशनल गेम्स के तहत योगासन प्रतियोगिता का आयोजन बड़े गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि इन खेलों ने अल्मोड़ा को देशभर में एक नई पहचान दिलाई है। साथ ही, खेल मंत्री ने आगामी एशियन गेम्स की ओर इशारा करते हुए कहा कि योग के खिलाड़ी अब दुनिया भर में फॉलो किए जाएंगे। उन्होंने आशा व्यक्त की कि 2036 में भारत यदि ओलंपिक की मेज़बानी करता है, तो योगासन भी मेडल गेम के रूप में शामिल होगा।
समापन समारोह में खेल मंत्री ने विजेता टीमों को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए, और व्यक्तिगत प्रतियोगिता के पदक विजेताओं को भी सम्मानित किया।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश बहुगुणा, मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे, जयदीप आर्य, चंद्रकांत आर्य, भुवन जोशी, अशोक जलाल समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।