भीमताल: सड़क के गड्ढे में स्कूटी गिरने से 11वीं के छात्र की मौत, दोस्त घायल
भीमताल के मेहरागांव में सड़क के गड्ढे से स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी जिससे 11वीं के छात्र की मौत हो गई, पीछे बैठा उसका दोस्त भी घायल हो गया।
मेहरागांव निवासी मदन सिंह का पुत्र चेतन (16) निजी स्कूल में 11वीं का छात्र था और बीते शनिवार को चेतन की बहन का बर्थडे था। बर्थडे पार्टी के बाद वह अपने दोस्तों के साथ रात करीब 11 बजे दोपहिया वाहनों से घूमने निकले। स्कूटी पर चेतन के साथ ईशान बैठा था, जबकि दूसरे वाहन पर 2 अन्य दोस्त थे। घर से आधा किमी आगे पहुंचने पर एक गड्ढे में स्कूटी का पहिया चला गया जिससे स्कूटी असंतुलित होकर गिर गई। चेतन का सिर सड़क किनारे एक पत्थर से जा टकराया जिससे वह गंभीर रूप घायल हो गया, जबकि ईशान भी घायल हो गया। दोनों को उनके दोस्त व स्थानीय लोग भीमताल सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टरों ने चेतन को मृत घोषित कर दिया। ईशान को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर हल्द्वानी में रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए लोनिवि की ओर से सड़क किनारे हुए गड्ढों को जिम्मेदार भी ठहराया है। क्षेत्र के वीरू मेहरा ने कहा कि यहां यह गड्ढा काफी समय से ही है, जिसे मिट्टी से भर दिया गया था। बारिश में मिट्टी बहने से फिर से सड़क पर गड्ढा हो गया था। लोनिवि के जेई केके पाठक ने पुष्टि की कि मिट्टी बहने से फिर से सड़क पर गड्ढा हो गया था और बीते रविवार को फिर उसे मिट्टी से भर दिया गया।