रुड़की में पिटबुल ने घर के बाहर से गुजर रही बुजुर्ग महिला पर अचानक हमला कर दिया, महिला के मुंह समेत शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला

रुड़की में पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने घर के बाहर से गुजर रही एक बुजुर्ग महिला पर अचानक हमला कर दिया। पिटबुल कुत्ते ने महिला के मुंह समेत शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोच डाला है। आसपास के लोगों ने महिला को पिटबुल कुत्ते से छुड़ाकर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।

वहां से गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। महिला के बेटे ने कुत्ते के स्वामी के खिलाफ केस भी दर्ज करा दिया है।

सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंढेरा निवासी संजय ने पुलिस को बताया कि उनकी माता शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे किसी काम से पोस्ट ऑफिस वाली गली में जा रही थी I

एक घर के सामने से गुजरने के दौरान खतरनाक पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने घर से निकलकर उनपर जानलेवा हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने शोर मचाकर किसी तरह उनको छुड़ाया। इसके बाद गंभीर हालत में उनको रुड़की सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां एंटी रैबीज और सिरम इंजेक्शन दिया गया।

चिकित्सकों ने बताया कि बुजुर्ग महिला को बुरी तरह नोंचा हुआ था। बुजुर्ग महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले को गंभीर मानते हुए कुत्ता मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी आरके सकलानी ने बताया कि नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।