पिथौरागढ़ पुलिस ने मानवता की अनोखी मिसाल की पेश, एक अनाथ कन्या को पहले गोद लिया और पूरे रीति रिवाज से उसका विवाह संपन्न कराया।

पिथौरागढ़ पुलिस ने मानवता की अनोखी मिसाल पेश की है। पुलिस ने एक अनाथ कन्या को पहले गोद लिया और पूरे रीति रिवाज से उसका विवाह संपन्न कराया। इस पुण्य कार्य के लिए पुलिस की हर जगह तारीफ हो रही है।

 

जानकारी के अनुसार प्रतिसार निरीक्षक नरेश चंद्र जखमोला को कुछ समय पहले शहर में मंदिर के पास एक लड़की मिली थी जिसका नाम पुष्पा था।

 

लड़की ने बताया था कि वह धारचूला क्षेत्र के ही किसी गांव की हैI माता-पिता न होने की स्थिति में उसका पालन पोषण उसकी दादी ने किया। 10 वर्ष पहले दादी के देहांत के कारण वह काम की तलाश में पिथौरागढ़ आई। यहां किसी व्यक्ति के यहां काम कर रही थी। अचानक उस व्यक्ति ने उसे काम से हटा दिया। उसने प्रतिसार निरीक्षक जखमोला से कहीं नौकरी दिलाने की बात कही थी।

 

प्रतिसार निरीक्षक ने लड़की को गोद लेने की पहल की। उन्होंने ये बात एसपी रेखा यादव और सीओ परवेज अली को बताई। इसके बाद विवाह के लिए थल निवासी विपिन के साथ पुष्पा का रिश्ता तय कराया।

 

लड़की का कन्यादान प्रतिसार निरीक्षण जखमोला ने पिता और जखमोला की समधन और समाजसेवी रुक्मिणी देवी ने लड़की की मां के रूप में किया। उसकी शादी के लिए पिथौरागढ़ पुलिस के सभी जवानों और कर्मियों ने अपनी ओर से आर्थिक सहयोग दिया। आठ जुलाई को पुलिस लाइन के गौरी हॉल सभागार में रीति रिवाज से उसकी शादी कराकर उसे ससुराल विदा किया। पिथौरागढ़ पुलिस के इस प्रयासों की लोगों ने चौतरफा सराहना की है।