चमोली जिले के नीती घाटी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है।

चमोली जिले के नीती घाटी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। घाटी में सीजन की पहली बर्फबारी होने से घाटी का तापमान में गिरावट आ गई है। मलारी गांव में लगभग 30 से 35 परिवार इस कड़ाके के ठंड मे यही रह रहे है। जबकि घाटी के अन्य ग्रामीण अपने शीतकालीन प्रवास को लौट चुके है। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बीते शुक्रवार को मौसम ने फिर करवट बदली थी। दोपहर बाद बदरीनाथ धाम में बर्फबारी हुई। वहीं, यमुनोत्री धाम सहित आसपास के क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई। इसके बाद अब चमोली के नीती घाटी में भी बर्फबारी का सिलसिला जारी है। यमुनोत्री धाम से मनमोहन उनियाल ने बताया कि यमुनोत्री धाम में 3 बजे से 4 बजे तक बारिश हुई, जिससे धाम में ठंड बढ़ गई है। वहीं आज 4 हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। हालांकि 6 नवंबर तक मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी से मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।