क्रिसमस-डे पर उत्तराखंड के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हो गए, मेरठ, गाजियाबाद, हरियाणा, मध्य प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों से बड़ी संख्या में सैलानी क्रिसमस-डे मनाने उत्तराखंड पहुंचे हैं।

क्रिसमस-डे पर उत्तराखंड के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। मेरठ, गाजियाबाद, हरियाणा, मध्य प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश आदि राज्यों से बड़ी संख्या में सैलानी क्रिसमस-डे मनाने उत्तराखंड पहुंचे हैं।

यहां मसूरी, औली और लैंसडोन में पर्यटकों की खासी भीड़ उमड़ी है। वहीं, कई जगह जाम से भी सैलानियों को हलकान होना पड़ा। सुबह से ही जाम की स्थिति बनने से वाहन रेंग-रेंगकर चलते नजर आए है।

पहाड़ों की रानी मसूरी में वीकेंड पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे, जिससे शहर के चौक चौराहों पर बार-बार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। इसकी वजह से पर्यटक और स्थानीय लोग परेशान रहे।

शहर के भगत सिंह चौक, लंढौर रोड, मलिंगार चौक, लाइब्रेरी सहित कई चौक चौराहों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि चौक चौराहों पर पुलिस जवान तैनात रहे लेकिन वाहनों की अधिक संख्या और पुलिस फोर्स की कमी से व्यवस्था चरमरा गई।

क्रिसमस पर जोशीमठ से लेकर औली तक पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ गई है। औली में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। आज सोमवार को औली में चियर लिफ्ट का मजा लेने के लिए पर्यटकों की लाइन लगी रही। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के चलते औली में सभी होटल और होम स्टे फुल हो गए हैं।

क्रिमसम-डे पर लैंसडौन के होटल व रिजॉर्ट पैक हो गए हैं। होटल और रिजॉर्ट में जगह न मिलने के कारण 500 से अधिक पर्यटकों को लैंसडौन से चैलूसैंण, दुगड्डा, गूमखाल और द्वारीखाल तक के होटल रिजॉर्ट में ठहरना पड़ा।