उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सपत्नीक गंगोत्री धाम के दर्शन कर गंगोत्री मंदिर और गंगा तट पर पूजा अर्चना कर राष्ट्र के उत्थान एवं लोक कल्याण की कामना की।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को सपत्नीक गंगोत्री धाम के दर्शन कर गंगोत्री मंदिर और गंगा तट पर पूजा अर्चना कर राष्ट्र के उत्थान एवं लोक कल्याण की कामना की। इस दौरान डा. सुदेश धनखड़ और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) भी मौजूद रहे।

उपराष्ट्रपति के गंगोत्री आगमन पर तीर्थ पुरोहितों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों तथा स्थानीय निवासियों ने परंपरागत तरीके से स्वागत किया।

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने गंगोत्री मंदिर के दर्शन कर विशेष पूजन और अभिषेक कर गंगा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इसी के साथ उन्होंने राज्यपाल के साथ गंगा तट पर जाकर पूजन कर देश की प्रगति व लोक मंगल की कामना की।

उपराष्ट्रपति गंगोत्री हिमालय क्षेत्र के मनोरम प्राकृतिक सौंदर्य और देवनदी गंगा की अविरल और निर्मल धारा के दर्शन से काफी अभिभूत दिखे।

इस दौरान राज्यपाल ने उपराष्ट्रपति को इस सीमांत क्षेत्र की विशिष्टताओं से भी अवगत कराया।