आज बुधवार को प्रातः 8:30 बजे के लगभग थाना लमगड़ा में सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम सत्यों में एक गाडी दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गई है। उक्त सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष लमगड़ा संजय जोशी पुलिस बल अ0उ0नि0 विक्रम सिंह, हे0कानि0 जीतेन्द्र सिंह हे0कानि0 यशवंत सिंह और हे0कानि0 देवराज सिंह को साथ लेकर आपदा उपकरणों स्टेचर, रस्सा आदि सहित तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों द्वारा बताया गया कि कार ग्राम सत्यों से सवारी छोडकर वापस गौली महर आ रहा था, मेरधुरा से 500 मीटर पहले वाहन सडक से नीचे खाई में गिर गया। लमगड़ा पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों की सहायता से नीचे खाई में जाकर देखा तो सड़क से लगभग 100 मीटर नीचे एक व्यक्ति जिसका नाम विनोद सिंह रावत (43) वर्ष निवासी गौलीमहर थाना लमगडा जिला अल्मोडा अचेत अवस्था में मिला, पुलिस द्वारा जानकारी करने पर उक्त वाहन में कोई अन्य व्यक्ति सवार नही था।

पुलिस टीम द्वारा स्थानीय लोगों की सहायता से स्टेचर और रस्सों आदि की सहायता से विनोद सिंह रावत उपरोक्त को सड़क पर लाकर सीएचसी लमगडा ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों द्वारा विनोद सिंह रावत को मृत घोषित कर दिया गया। लमगड़ा पुलिस द्वारा मृतक के पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है।
