उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम, पर्वतीय जिलों में तूफान-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आज शनिवार को मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर व पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे, झोंकों में 60 किमी तक तेज हवाओं का अलर्ट भी जारी किया है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से यह बदलाव देखने को भी मिल रहा है।
उधर केदारनाथ धाम में लगातार बर्फबारी जारी है, जिससे 22 अप्रैल को कपाट खुलने से पहले तैयारियों पर भी असर पड़ सकता है। धाम व आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ की मोटी परत भी जम गई है।


राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश भी दिए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों को प्रतिकूल मौसम के दौरान नियंत्रित या प्रतिबंधित करने, संवेदनशील मार्गों पर आवाजाही सीमित रखने व आपदा प्रबंधन टीमों को हाई अलर्ट पर रहने को भी कहा गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 9 अप्रैल तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है, जिससे मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट भी आएगी और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।