उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में कल मंगलवार से एक बार फिर मौसम करवट लेने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 17 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

खासतौर पर 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने के आसार हैं, जबकि प्रदेश के मैदानी हिस्सों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा। 18 फरवरी को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने की संभावना भी है। इसके बाद 19 से 21 फरवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान भी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ों में होने वाले इस बदलाव का तापमान पर ज्यादा असर देखने को ही  नहीं मिलेगा।

इधर रविवार को मैदान से लेकर पहाड़ तक चटक धूप खिली रही, जिससे दिन में गर्मी का अहसास भी हुआ। आंकड़ों के मुताबिक देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा 11.2 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान में इसी तरह बढ़ोतरी देखी गई।