राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कैंची धाम में की बाबा नीब करौरी महाराज की पूजा, लिया आशीर्वाद

नैनीताल: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज मंगलवार को उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद भी लिया। राष्ट्रपति ने मंदिर परिसर में लगभग आधे घंटे तक ध्यान लगाया व बाबा की समाधि स्थल पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

कैंची धाम मंदिर समिति के प्रबंधक प्रदीप साह भय्यू ने राष्ट्रपति को बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन व मंदिर के इतिहास की जानकारी दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने मुख्य मंदिर के अलावा अन्य देवालयों में भी विधिवत पूजा-अर्चना भी की।

इस दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह, शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

राष्ट्रपति मुर्मू की यह यात्रा उत्तराखंड के धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व को दर्शाती है — उन्होंने बाबा नीब करौरी महाराज से देश की सुख-समृद्धि की कामना की।