तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, आज करेंगी कई परियोजनाओं का उद्घाटन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचीं, कई परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास
देहरादून : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार शाम कड़ी सुरक्षा के बीच तीन दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच गईं थी। 19 से 21 जून 2025 तक चलने वाले इस दौरे में वह कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगी।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का स्वागत राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) व सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया। स्वागत करने वालों में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और डॉ. धन सिंह रावत, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, डीएम सविन बंसल व एसएसपी अजय सिंह भी मौजूद रहे।
देहरादून पहुंचने के बाद राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति निकेतन में भव्य एम्फीथिएटर का उद्घाटन भी किया। साथ ही कर्मचारी क्वार्टर, अस्तबल व बैरकों के निर्माण का शिलान्यास भी किया।
आज 20 जून को यह रहेगा राष्ट्रपति का कार्यक्रम:
- राष्ट्रपति निकेतन को आम जनता के लिए खोले जाने के समारोह में भागीदारी
- विजिटर फैसिलिटेशन सेंटर, कैफेटेरिया व सुविनियर शॉप का उद्घाटन
- राष्ट्रपति तपोवन का उद्घाटन
- राष्ट्रपति उद्यान का शिलान्यास
इन दोनों स्थलों को 24 जून से आम लोगों के लिए भी खोला जाएगा। इसी दिन राष्ट्रपति नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर एंपावरमेंट ऑफ पर्सन्स विद विजुअल डिसएबिलिटीज (NIEPVD) का दौरा भी करेंगी। वहां वह विज्ञान प्रयोगशाला, प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगी और छात्रों से संवाद भी करेंगी।
21 जून को दौरे का अंतिम दिन:
- राष्ट्रपति अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस लाइन मैदान में आयोजित सामूहिक योग प्रदर्शन में शामिल भी होंगी।
- इसके अलावा वह राजभवन नैनीताल की स्थापना के 125 वर्ष पूरे होने पर स्मारक डाक टिकट का विमोचन भी करेंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू का यह दौरा राज्य के लिए कई विकास योजनाओं व सांस्कृतिक गतिविधियों की सौगात लेकर भी आया है।