Political battle begins today in Gairsain; all eyes on major announcements from the Dhami government.
चमोली जिले के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण में आज मंगलवार से धामी सरकार का अंतिम विधानसभा सत्र शुरू हो रहा है। दो दिन के इस सत्र में सत्ता पक्ष व विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं। विपक्ष ने बेरोजगारी, महंगाई, कानून-व्यवस्था व जनहित से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी की है, वहीं सरकार भी विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए रणनीति भी बना चुकी है।
चुनावी वर्ष में आयोजित हो रहे इस सत्र को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संभावित ऐलानों पर भी नजरें टिकी हैं और राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सरकार युवाओं, महिलाओं व प्रदेश के मूल निवासियों से जुड़े मुद्दों पर कोई महत्वपूर्ण घोषणा कर सकती है। हालांकि, किसी बड़े ऐलान को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने सरकार को सदन के भीतर और बाहर घेरने की रणनीति भी तैयार की है। विधायकों की ओर से बेरोजगारी, महंगाई, कानून-व्यवस्था व क्षेत्रीय समस्याओं से जुड़े सवाल उठाए जाने की तैयारी है। विपक्ष का कहना है कि सरकार को जनता के मुद्दों पर जवाब भी देना होगा।
दूसरी ओर, धामी सरकार ने भी विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की तैयारी भी की है। सत्ता पक्ष की रणनीति विकास कार्यों व सरकार की उपलब्धियों को सदन में रखने की है। सरकार विपक्ष के सवालों का जवाब तथ्यों व आंकड़ों के आधार पर देने की तैयारी में है।
विधानसभा चुनाव से पहले यह अंतिम सत्र राजनीतिक रूप से अहम भी माना जा रहा है। ऐसे में दो दिन की सदन की कार्यवाही में सरकार की घोषणाओं, विपक्ष के सवालों व दोनों पक्षों के बीच होने वाले सियासी टकराव पर सबकी ही नजर रहेगी।
