Police clash with criminals in Roorkee; car stopped after a bullet hit its tire; one accused arrested, the other absconding.
रुड़की। अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े संदिग्ध बदमाशों की सूचना पर गंगनहर कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने देर रात कार्रवाई की। पुलिस ने संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा करते हुए कार के टायर पर गोली चलाई, जिसके बाद वाहन रुक गया। इस दौरान कार सवार एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, देर रात सूचना मिली थी कि अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े कुछ संदिग्ध कार में सवार होकर शहर में घूम रहे हैं और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी।
कुछ देर बाद पुलिस ने कार को ट्रेस कर रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद पुलिस टीम ने कार का पीछा शुरू कर दिया। पीछा करते हुए पुलिस ने नेहरू स्टेडियम क्षेत्र से चाव मंडी स्थित गौशाला की ओर कार को घेर लिया।
पुलिस के मुताबिक, कई बार चेतावनी देने के बावजूद चालक ने कार नहीं रोकी। इसके बाद पुलिस ने कार के टायर को निशाना बनाकर गोली चलाई। टायर क्षतिग्रस्त होने के बाद कार रुक गई। इसी दौरान कार में सवार एक व्यक्ति खिड़की खोलकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दूसरे व्यक्ति को पकड़ लिया।
हिरासत में लिए गए आरोपी को पूछताछ के लिए गंगनहर कोतवाली लाया गया है। पुलिस उससे फरार साथी, भागने के कारण और संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में पूछताछ कर रही है। फिलहाल आरोपी के कब्जे से किसी हथियार की बरामदगी नहीं हुई है।
गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना के आधार पर संदिग्ध वाहन का पीछा कर उसे रोकने का प्रयास किया गया था। वाहन नहीं रुकने पर उसके टायर में गोली मारकर रोका गया। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है।
