उत्तराखंड में 1.34 लाख से अधिक बुजुर्ग महिलाओं को सरकारी सहायता की जरूरत, सर्वे में खुलासा
देहरादून। प्रदेश में बुजुर्ग महिलाओं की स्थिति को लेकर महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के सर्वे में चौंकाने वाली तस्वीर भी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक 1 लाख 34 हजार से अधिक बुजुर्ग महिलाओं को सरकार की विभिन्न प्रकार की सहायता की जरूरत भी है।
ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में कराए गए इस सर्वे में सामने आया कि सबसे अधिक 61,258 महिलाओं को आर्थिक सहायता, 27,125 को पोषाहार, 23,643 को स्वास्थ्य सेवाएं, 11,960 को खाद्य सहायता, 6,474 को आवास व 4,330 महिलाओं को सुरक्षा की आवश्यकता भी है।
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि प्रदेश की 33,722 बुजुर्ग महिलाएं किसी भी पेंशन योजना का लाभ ही नहीं ले रही हैं। वहीं 71,397 महिलाओं को वृद्धा पेंशन, 27,896 को विधवा पेंशन, 1,339 को दिव्यांग पेंशन व 456 को परित्यक्ता पेंशन मिल रही है।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि
यह सर्वे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से कराया गया है। सर्वे के आधार पर जरूरतमंद बुजुर्ग महिलाओं को योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य सेवाएं, दवा, पोषाहार, सुरक्षा व आवास उपलब्ध कराने की दिशा में काम भी किया जाएगा।
सरकार का कहना है कि इस सर्वे के जरिए बुजुर्ग महिलाओं की वास्तविक जरूरतों की पहचान कर उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए ठोस कदम भी उठाए जाएंगे।