उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री खिलाड़ी उदीयमान प्रोत्साहन योजना शुरू होने जा रही है।

योजना के तहत हर जिले से 100-100 बालक-बालिकाओं का चयन किया जाएगा।

उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री खिलाड़ी उदीयमान प्रोत्साहन योजना शुरू होने जा रही है। इसके तहत 14 से 23 वर्ष तक के खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2000 रुपये खेल छात्रवृत्ति प्रोत्साहन राशि के रूप में दी जाएगी।

 

योजना के तहत हर जिले से 100-100 बालक-बालिकाओं का चयन किया जाएगा। इसके तहत उत्तराखंड में कुल 2600 खिलाड़ी चयनित होंगे। इसके अलावा राज्य में खिलाड़ियों के लिए हिमालय पुत्र रत्न अवार्ड भी शुरू किया जाएगा। इसके तहत हर साल 6 खिलाड़ियों को 1 लाख रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।

 

यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त की तैयारियों को लेकर खेल विभाग के विभागीय अधिकारियों के साथ खेल मंत्री रेखा आर्य ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि इस दिन सीएम धामी योजना का शुभारंभ करेंगे। इस राशि के जरिए खिलाड़ी अपने खेल संसाधनों की पूर्ति भी कर सकेंगे।

 

खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा उनके सामने किसी प्रकार की आर्थिक अड़चन नहीं आएगी। बैठक मे खेल मंत्री रेखा आर्य ने पूर्व में किए गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी ली। इस दौरान स्पोर्ट्स डेवलपमेंट फंड, खेल छात्रवृत्ति को जारी करना, खेल पॉलिसी के अंतर्गत जारी किए जाने वाले शासनादेश, खिलाड़ियों को क्षैतिज आरक्षण दिए जाने संबंधित विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।

 

खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा, हम हर साल देवभूमि उत्तराखंड खेलरत्न पुरस्कार, देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार और लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से खिलाड़ियों को सम्मानित करते हैं। अब हिमालय पुत्र रत्न अवार्ड से भी खिलाड़ियों को सम्मानित करने की योजना भी बनाई जा रही है। इसके तहत 6 खिलाड़ियों को एक-एक लाख रुपये की धनराशि से सम्मानित किया जाएगा।

 

 

मंत्री रेखा आर्य ने कहा की इसका प्रस्ताव बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। बैठक में विशेष प्रमुख सचिव खेल अभिनव कुमार, निदेशक खेल एवं युवा कल्याण विभाग जितेंद्र सोनकर, उप निदेशक युवा कल्याण शक्ति सिंह, संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।