
उत्तराखंड कांग्रेस की बैठक में ‘मेरा वोट मेरा अधिकार’ अभियान की शुरुआत, भाजपा पर मताधिकार हनन का आरोप
देहरादून: उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस की जिला और महानगर अध्यक्षों की बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें आगामी तीन माह तक चलाए जाने वाले ‘‘मेरा वोट मेरा अधिकार’’ अभियान की रूपरेखा साझा की गई। इस बैठक में कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी मौजूद रहे।
गुरदीप सिंह सप्पल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव जीतने के लिए मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काट रही है और बाहरी लोगों को जोड़ रही है। उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा ने 4 महीने में 48 लाख वोटर बनाए और 2 लाख वोटरों को हटा दिया, जिससे कांग्रेस गठबंधन की हार भी हुई।
प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य में चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठा रही है और आगामी मार्च में 2 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भी इस मुद्दे पर सरकार की आलोचना की और लोकतंत्र पर हो रहे हमले को लेकर संघर्ष जारी रखने की बात भी की।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता के बल पर केदारनाथ उपचुनाव व नगर निकाय चुनाव में लोकतंत्र की हत्या की और मतदाताओं को उनके अधिकार से वंचित भी किया।