दिव्यांशु हत्याकांड पर महापंचायत, CM से वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित
दिव्यांशु हत्याकांड के विरोध में बीते शुक्रवार को देहरादून के आशारोड़ी चेकपोस्ट पर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में महापंचायत भी आयोजित की गई। सुबह से किसानों की भारी भीड़ जुटी रही व प्रदर्शनकारियों ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई व प्रदेश में बढ़ते नशे पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग उठाई।
दिनभर चले विरोध प्रदर्शन के बाद भाकियू की 12 सदस्यीय कमेटी ने सीएम पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। वार्ता में दिव्यांशु हत्याकांड में ठोस कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन को फिलहाल स्थगित भी कर दिया गया।
इस दौरान एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि फरार आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया जाएगा और जल्द ही उनके घरों की कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस ने बताया कि कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि बाकी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी कर दिए गए हैं।
महापंचायत में राकेश टिकैत ने देहरादून में बढ़ते अपराध व नशे पर सरकार व पुलिस प्रशासन को घेरा। उन्होंने कहा कि शिक्षा नगरी की छवि बचाने के लिए कानून व्यवस्था मजबूत करना बेहद ही जरूरी है। CM से आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने न्याय की लड़ाई जारी रखने की बात कहते हुए फिलहाल धरना समाप्त भी कर दिया।