केदारनाथ हादसा: कोहरे ने ली मासूम जान, चश्मदीद महिलाओं ने बयां किया मंजर
बीते रविवार की सुबह केदारनाथ मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब गौरीखुंड के पास एक हेलिकॉप्टर कोहरा छा जाने के चलते क्रैश हो गया। इस हादसे की प्रत्यक्षदर्शी बनीं नेपाली मूल की दो बहनें शर्मिला और संजू, जो अन्य स्थानीय महिलाओं के साथ गौरी माई खर्क क्षेत्र में घास काटने के लिए सुबह 4 बजे को निकली थीं।
शर्मिला ने बताया कि सुबह 5 बजे तक वे पहाड़ी क्षेत्र में पहुंच चुकी थीं और मौसम पूरी तरह साफ था। तभी अचानक एक हेलिकॉप्टर ने क्षेत्र में उड़ान भरी व उसी वक्त घना कोहरा छा गया। कोहरे के कारण हेलिकॉप्टर असंतुलित हो गया, वह थोड़ा मुड़ा और ऊंचे पेड़ों से टकराते हुए नीचे आ गिरा। गिरते ही उसमें भीषण आग लग गई और वह धू-धूकर जलने लगा।
शर्मिला की आंखों के सामने हुआ यह हादसा बेहद भयावह था। उन्होंने बताया कि मलबे के पास एक बच्ची गिरी पड़ी थी, जो मृत अवस्था में थी। ऐसा प्रतीत हुआ कि बच्ची हेलिकॉप्टर से गिरकर एक बड़े पत्थर से भी टकराई थी।
दोनों बहनों ने तुरंत घटना की जानकारी अपने ठेकेदार को दी, जिसने अन्य लोगों के माध्यम से जिला आपदा कंट्रोल रूम को सूचित भी किया। शर्मिला की मानें तो हादसे के तुरंत बाद कोहरा छंट गया, लेकिन तब तक सबकुछ खत्म ही हो चुका था।
यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में हवाई यात्रा की चुनौतियों व मौसम की बेरुखी को उजागर करता है। प्रशासन ने घटना की जांच भी शुरू कर दी है।