राज्य स्थापना दिवस पर पीएम मोदी की घोषणाओं पर हरीश रावत का निशाना — बोले, “जमरानी और सौंग बांध यूपीए की देन”
देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को 8260 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें जमरानी बांध व सौंग बांध परियोजनाएं प्रमुख रहीं। लेकिन इन घोषणाओं को लेकर अब पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने केंद्र सरकार पर निशाना भी साधा है।
हरीश रावत ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पीएम मोदी ने जिन 2 प्रमुख परियोजनाओं — जमरानी व सौंग बांध — का जिक्र किया, उन्हें राष्ट्रीय परियोजना के रूप में मंजूरी देने का काम यूपीए सरकार ने किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने दौरे में कोई नई सौगात नहीं दी, बल्कि उन्हीं योजनाओं का उल्लेख किया, जिनकी नींव पहले ही रखी जा चुकी थी।
पूर्व सीएम ने लिखा, “हमारी अपेक्षाएं थीं कि उत्तराखंड को एक विस्तृत पैकेज मिलेगा, ताकि आपदा, पलायन व बेरोजगारी जैसी समस्याओं से निपटने में मदद मिले। लेकिन प्रधानमंत्री के दौरे से जुड़ी कोई भी अपेक्षा पूरी ही नहीं हुई।”
गौरतलब है कि राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के मौके पर एफआरआई, देहरादून में आयोजित समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने न केवल 8260 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया, बल्कि 28 हजार से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 62 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी सीधे उनके खातों में जारी भी की।
इसके अलावा, पीएम मोदी ने अमृत योजना के तहत 23 शहरी क्षेत्रों के विकास कार्यों की घोषणा की — जिनमें देहरादून जलापूर्ति कवरेज, पिथौरागढ़ में विद्युत सब स्टेशन, सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा संयंत्र, व हल्द्वानी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान का निर्माण शामिल है।
हालांकि, हरीश रावत के बयान के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर से गर्मी आ गई है। रावत ने कहा कि “प्रदेश की जनता नई योजनाओं की उम्मीद कर रही थी, लेकिन प्रधानमंत्री का दौरा केवल पुराने वादों को दोहराने तक ही सीमित रह गया।”